जसरासर से 38 श्रद्धालुओं का धार्मिक दल रवाना

जसरासर। कस्बे के पब्लिक पार्क से शुक्रवार सुबह 38 श्रद्धालुओं का धार्मिक यात्रा दल पवित्र जयकारों के बीच रवाना किया गया। यात्रा को ग्राम के सरपंच रामनिवास तर्ड ने विधिवत हरी झंडी दिखाकर प्रस्थान कराया। इस दौरान ग्रामीणों, परिजनों, युवाओं तथा महिलाओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। श्रद्धालुओं का यह दल करीब 20 से 25 दिनों तक भारत एवं नेपाल के प्रमुख तीर्थस्थलों का भ्रमण करेगा, जिनमें वृंदावन, प्रयागराज, पशुपतिनाथ (नेपाल), गंगासागर, सूर्य मंदिर सहित अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन शामिल हैं। यात्रियों ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करना, धार्मिक परंपराओं को समझना एवं संस्कृति से जुड़ाव बढ़ाना है।

जसरासर सरपंच रामनिवास तर्ड ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर धर्म और आस्था पर आधारित है और ऐसी धार्मिक यात्राएं समाज में सद्भाव, आपसी भाईचारा एवं सकारात्मकता बढ़ाने में सहायक होती हैं। यात्रियों को तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर शुभ यात्रा की कामना की, वहीं बस रवाना होते समय “जय श्री राम” और “जय सनातन” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रियों के अनुसार भ्रमण के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों के इतिहास, मान्यताओं एवं आध्यात्मिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा तथा वापसी पर वे अपने अनुभव ग्रामवासियों के साथ साझा करेंगे। कार्यक्रम में भंवरलाल जोशी, भेराराम तर्ड, गणेशाराम तर्ड, अर्जुन तिवारी, प्रेम कुमार, सूरजाराम गोदारा, तुल्छीराम छींपा, हरी तिवारी, मुनीराम गोदारा, जगदीश ज्याणी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Join WhatsApp