आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे के बाद लाउड स्पीकर प्रतिबंध लगाने की मांग

जसरासर | जसरासर थाने में रविवार को सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीएलजी सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी गौरव सारस्वत ने की। बैठक में क्षेत्र के सीएलजी सदस्यों ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की और अपने सुझाव पुलिस के समक्ष रखे। सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र में अवैध शराब की ब्रांच संचालित होने पर गहरी चिंता जताते हुए इस पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे के बाद लाउड स्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, स्थानीय स्तर पर सक्रिय चोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा गलत तरीके और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों पर नियंत्रण लगाने की मांग रखी।थानाधिकारी गौरव ने सीएलजी सदस्यों द्वारा बताई गई समस्याओं व मांगों पर जल्द से जल्द प्रभावी अमल किया जाएगा तथा सदस्यों से क्षेत्र में एमडी, स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशा, अवैध शराब और अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बैठक में स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई। थानाधिकारी ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।

Leave a Comment

Join WhatsApp