जसरासर। के रूपाणा नाड़ी रोही क्षेत्र में सोलर प्लांट की आड़ में लगभग 20 खेजड़ी के पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। क्षेत्र में आए दिन खेजड़ी के पेड़ काटे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण और स्थानीय वन्यजीवों पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में खेजड़ी सहित पेड़ों की सुरक्षा को लेकर लंबे समय से आवाज उठ रही है और राज्य में ट्री एक्ट बनाने की मांग पर आंदोलन भी चल रहा है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कानून लागू नहीं हो सका है। जीव प्रेमी बाबूलाल खाती ने बताया कि खेजड़ी राजस्थान के पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण पेड़ है, इस पर कई पक्षियों व छोटे जीवों का जीवन निर्भर रहता है। उन्होंने मांग की कि अवैध कटाई पर कड़ी सजा व रोकथाम के प्रावधान किए जाएं। सूचना पर तहसीलदार और पटवारी मौके पर पहुंचे तथा कटे पेड़ों का निरीक्षण किया, साथ ही वन विभाग को भी अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने खेजड़ी सहित अन्य पेड़ों को बचाने के लिए सख्त कानून लागू करने और अवैध कटाई रोकने की मांग उठाई है।





