1. बीकानेर, 12 जून। जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की मार्च तिमाही बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सरकारी ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक, नाबार्ड, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक सहित विभिन्न बैंकों एवं विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक लक्ष्मण राम मोडासिया ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 27,268.60 करोड़ रुपये तथा कुल ऋण 29,630.16 करोड़ रुपये रहा। जिले का साख-जमा अनुपात 108.66 प्रतिशत दर्ज किया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, राजस्थान स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेद सिंह रतनू ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा बैंक और विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने वाली योजनाएं जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

📍 बीकानेर | सूचना केंद्र परिसर में शुक्रवार को ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ विषयक तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने की।

इस अवसर पर विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, जनकल्याण, डिजिटल सेवाओं और विभिन्न विकास क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है तथा प्रदेश में आमजन के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी तथा उनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार की प्रदर्शनी उपयोगी साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और जनसंचार माध्यमों के जरिए भी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं सुमन छाजेड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में जनकल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने बताया कि यह प्रदर्शनी 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में लगभग 100 बैनरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रेस प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने ली बैठक

बीकानेर, 11 जून | चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने 210 से अधिक घोषणाओं की घोषणावार फीडबैक ली तथा इनके क्रियान्वयन की स्थिति जानी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक घोषणा का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय अधिकारी नियमित समीक्षा करें। उन्होंने भूमि आवंटन से जुड़े लंबित मामलों की जानकारी लेकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को उच्च अधिकारियों से सतत समन्वय बनाए रखने को कहा।

बैठक में शहरी ई-बस सेवा की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि ई-बस डिपो निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह तक प्रथम चरण में 75 ई-बसें मिलने की संभावना है। जिला अस्पताल में नवीन शिशु वार्ड एवं आईसीयू स्थापना तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों में नए उप स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।

खींवसर ने पवनपुरी नागणेचीजी मंदिर रोड पर प्रस्तावित आरओबी, शहर में चार स्थानों पर बनने वाले नॉइस मॉनिटरिंग सेंटर, पिंक टॉयलेट, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15-15 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले सड़क कार्यों, अटल प्रगति पथ, कपिल सरोवर एवं करणी माता मंदिर विकास कार्यों सहित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आयोजित किए जाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। मानसून से पूर्व सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

25 जुलाई तक करें आवेदन, जिले में खुलेंगे नए आधार केंद्र

बीकानेर, 10 जून। जिले में आधार सेवाओं के विस्तार और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चयनित पंचायत समितियों, नगरपालिकाओं एवं नगरीय क्षेत्रों में नए आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन और आधार अपडेट का कार्य किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं जिला स्तरीय आधार समिति के अध्यक्ष उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि इन केंद्रों के संचालन के लिए सीईएलसी (CELC) आधार नामांकन ऑपरेटरों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू होकर 25 जुलाई 2026 तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को अपना आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से RAJAADHAR पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अपूर्ण अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित आधार केंद्रों पर नामांकन एवं अद्यतन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

रतनू ने बताया कि चयनित ऑपरेटरों को यूआईडीएआई तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार कार्य करना होगा। आधार केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा राशि एवं अन्य शर्तों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में नए बाल आधार केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाजूवाला नगर क्षेत्र के वार्ड 4, बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 7 एवं 18, देशनोक नगर पालिका के वार्ड 1 एवं 13 तथा डूंगरगढ़ नगर क्षेत्र के वार्ड 1, 10, 20, 30 एवं 35 शामिल हैं।आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, शर्तों एवं आधार केंद्रों की विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा आधार राजस्थान पोर्टल पर उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।

हाथकरघा बुनकरों को मिलेगा सम्मान और नकद पुरस्कार, 30 जून तक करें आवेदन

बीकानेर, 10 जून। पारंपरिक हस्तशिल्प और हाथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने जिले के हाथकरघा बुनकरों के लिए जिला स्तरीय नकद पुरस्कार योजना की घोषणा की है। योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए जिले के पात्र हाथकरघा बुनकरों से 30 जून तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने बताया कि योजना का उद्देश्य हाथकरघा बुनकरों की कला और कौशल को प्रोत्साहन देना है। पुरस्कार के लिए वही बुनकर पात्र होंगे जो पिछले तीन वर्षों से लगातार हाथकरघा बुनाई कार्य कर रहे हों तथा जिन्हें गत तीन वर्षों में इस पुरस्कार के लिए चयनित नहीं किया गया हो।

उन्होंने बताया कि इच्छुक बुनकर अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के साथ आवेदन पत्र 30 जून तक चौपड़ा कटला, रानी बाजार स्थित जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र में जमा करवा सकते हैं। आवेदन पत्र कार्यालय समय में केंद्र से प्राप्त किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि हाथकरघा उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पारंपरिक कला का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में राज्य सरकार की यह पहल बुनकरों को आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्थानीय हस्तशिल्प को नई पहचान दिलाने में सहायक साबित होगी। विभाग ने पात्र बुनकरों से निर्धारित समयावधि में आवेदन करने की अपील की है।

जिला परिषद सीईओ शैलजा पांडे ने पांचू क्षेत्र का किया सघन निरीक्षण, विकास कार्यों की प्रगति परखी

बीकानेर, 10 जून। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने बुधवार को पंचायत समिति पांचू क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान सीईओ ने पांचू में निर्माणाधीन सीवरेज सिस्टम का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जानी तथा आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने राजीविका के श्यामा प्रसाद उत्थान मिशन के तहत बन रहे सीएलएफ भवन का अवलोकन किया और महिला सशक्तिकरण में इसकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने ग्राम पंचायत जांगलू में सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत जेगला में विकसित भारत ग्राम योजना के अंतर्गत प्रस्तावित चारागाह विकास भूमि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीईओ ने कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है और आमजन को समय पर लाभ मिलता है। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका तलानिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना

बीकानेर, 10 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को देवस्थान विभाग के तत्वावधान में बीकानेर जिले सहित प्रदेशभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम नत्थूसर गेट स्थित बड़ा गणेश मंदिर और देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में आयोजित हुए।

बड़ा गणेश मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

देशनोक में आयोजित कार्यक्रम में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। विधायक भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी के निर्देशन में जिले की सभी तहसीलों के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष पूजा, आरती और जनकल्याण की कामना के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग

बीकानेर, 7 जून। केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री Arjun Ram Meghwal ने रविवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेलवे एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ रेल विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने बीकानेर रेल मंडल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेलवे अवसंरचना से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित और यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मंडल रेल प्रबंधक Gaurav Goyal ने बीकानेर रेल मंडल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि मनहेरू-भिवानी (13 किमी), रतनगढ़-चूरू (44 किमी) और चूरू-दूधवाखारा (29 किमी) रेलखंडों में दोहरीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। इन खंडों में स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली भी शुरू कर दी गई है, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हुआ है।

उन्होंने बताया कि बीकानेर रेल मंडल के 1780 रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है तथा वर्तमान में अधिकांश यात्री और मालगाड़ियों का संचालन विद्युत इंजनों से किया जा रहा है। इसके अलावा लालगढ़, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, हिसार और भिवानी में नई वॉशिंग लाइन परियोजनाओं पर भी कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मंडल में वॉशिंग लाइनों की संख्या 7 से बढ़कर 18 हो जाएगी।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कोटगेट और सांखला रेलवे फाटकों से जुड़ी समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने रेलवे एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में रेलवे, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर निगम तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के रेल विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है तथा सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

 

  •  

बीकानेर, 7 जून। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर का 23वां स्थापना दिवस एवं लोकार्पण समारोह रविवार को आयोजित किया गया। समारोह में राजस्थान के राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागड़े, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा तथा बीकानेर पश्चिम के विधायक श्री जेठानंद व्यास ऑनलाइन जुड़े। जबकि केंद्रीय विधि एवं न्याय( स्वतंत्र प्रभार) व संसदीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल कार्यक्रम में उपस्थित हुए।

 

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी श्री उमेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, राजस्थान गीत एवं विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ हुआ। विश्वविद्यालय की विकास यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। कुलगुरु प्रो. मनोज दीक्षित ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी दी।

 

श्री शर्मा ने बताया कि समारोह के दौरान प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के अंतर्गत निर्मित परीक्षा केंद्र भवन (गुरु जम्भेश्वर भवन), केंद्रीय शोध सुविधा भवन (आचार्य तुलसी भवन), विज्ञान भवन (मां करणी भवन) तथा कला भवन (संत रामसुखदास भवन) का लोकार्पण किया गया। साथ ही नैसकॉम आईटी-आईटीईएस सेक्टर स्किल काउंसिल तथा राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) के साथ दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी हुआ।

 

राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागड़े ने विश्वविद्यालय परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय 23 वर्ष पूर्ण कर नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर है। उन्होंने पीएम-उषा योजना के तहत विकसित अधोसंरचना को विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया तथा शिक्षा के साथ संस्कार, अनुसंधान और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई। उन्होंने नव-निर्मित भवनों के नामकरण से जुड़े महापुरुषों के जीवन परिचय को विद्यार्थियों तक पहुंचाने की भी बात कही। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर की उत्कृष्ट शिक्षण एवं शोध संस्था बनाने का आह्वान किया।

 

केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा गंगा सिंह की दूरदर्शिता का सबसे बड़ा उदाहरण गंग नहर परियोजना है, जिसने मरुस्थलीय क्षेत्र के विकास की दिशा बदल दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गंग नहर ने इस क्षेत्र में जीवन और समृद्धि का संचार किया, उसी प्रकार विश्वविद्यालय ज्ञान, शोध और नवाचार के माध्यम से समाज को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने नवस्थापित भवनों को प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए युवाओं से शिक्षा, कौशल और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

 

उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने उच्च शिक्षा संस्थानों को नवाचार एवं कौशल विकास का केंद्र बनाने पर बल देते हुए विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

 

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव श्री यशपाल आहूजा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र व वसीयत बनाकर जमीन हड़पने का आरोप, जसरासर थाने में मामला दर्ज

जसरासर | जसरासर तहसील के गांव थावरिया में कृषि भूमि हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, कूटरचित वसीयतनामा और झूठे शपथ पत्र तैयार करने का गंभीर मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना जसरासर में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।परिवादी सत्यनारायण गौड (56) निवासी थावरिया ने न्यायालय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, नोखा में प्रस्तुत इस्तगासा में आरोप लगाया कि उनके ताऊ की पत्नी तुलछी देवी का निधन लगभग 60 वर्ष पूर्व नागौर जिले के ग्राम गांवड़ी में हुआ था, जहां उनका मृत्यु प्रमाण पत्र भी बना हुआ है। इसके बावजूद अभियुक्त भंवरलाल व श्यामलाल ने षड्यंत्रपूर्वक थावरिया में मृत्यु दर्शाते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया।

परिवादी के अनुसार, आरोपियों ने कूटरचित वसीयतनामा एवं झूठा शपथ पत्र प्रस्तुत कर खेत खाता संख्या 147, रकबा 17.66 हेक्टेयर कृषि भूमि अपने नाम दर्ज करवा ली। जबकि कानूनन उक्त भूमि में परिवादी के पिता का 1/2 हिस्सा एवं डूंगरराम का 1/2 हिस्सा बनता था। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी सहमति दर्शाते हुए झूठा शपथ पत्र तैयार किया गया, जबकि उसने कभी कोई सहमति नहीं दी।परिवादी ने बताया कि इस संबंध में 20 जनवरी 2026 को पुलिस थाना जसरासर में सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 27 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई, फिर भी सुनवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय की शरण ली गई।न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना जसरासर में धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान सउनि रविन्द्र सिंह को सौंपा गया है।थानाधिकारी गौरव सारस्वत (आरपीएस) ने बताया कि मामले की FIR दर्ज कर CCTNS में प्रविष्टि की जा रही है

Join WhatsApp