25 जुलाई तक करें आवेदन, जिले में खुलेंगे नए आधार केंद्र

बीकानेर, 10 जून। जिले में आधार सेवाओं के विस्तार और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चयनित पंचायत समितियों, नगरपालिकाओं एवं नगरीय क्षेत्रों में नए आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर आधार नामांकन और आधार अपडेट का कार्य किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं जिला स्तरीय आधार समिति के अध्यक्ष उम्मेद सिंह रतनू ने बताया कि इन केंद्रों के संचालन के लिए सीईएलसी (CELC) आधार नामांकन ऑपरेटरों का चयन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू होकर 25 जुलाई 2026 तक चलेगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को अपना आवेदन एसएसओ आईडी के माध्यम से RAJAADHAR पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अपूर्ण अथवा त्रुटिपूर्ण आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित आधार केंद्रों पर नामांकन एवं अद्यतन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

रतनू ने बताया कि चयनित ऑपरेटरों को यूआईडीएआई तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार कार्य करना होगा। आधार केंद्र के संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा राशि एवं अन्य शर्तों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में नए बाल आधार केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाजूवाला नगर क्षेत्र के वार्ड 4, बीकानेर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 7 एवं 18, देशनोक नगर पालिका के वार्ड 1 एवं 13 तथा डूंगरगढ़ नगर क्षेत्र के वार्ड 1, 10, 20, 30 एवं 35 शामिल हैं।आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, शर्तों एवं आधार केंद्रों की विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा आधार राजस्थान पोर्टल पर उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने पात्र युवाओं से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है।

Leave a Comment

Join WhatsApp