जसरासर (बीकानेर) | जसरासर थाना क्षेत्र के उड़सर गांव में खेत पर काम कर रही महिला और नाबालिग के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और अश्लील हरकत करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में विशिष्ट न्यायालय एससी/एसटी प्रकरण बीकानेर के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादी मंगताराम मेघवाल निवासी उड़सर ने इस्तगासा पेश कर बताया कि उसने साजनवासी गांव निवासी पूनमचंद व रामदेव के खेत को 70-30 के हिस्सेदारी समझौते पर काश्त के लिए लिया था। आरोप है कि 1 फरवरी 2026 को महिला व उसकी नाबालिग पुत्री खेत में काम कर रही थीं, तभी आरोपी पूनमचंद वहां पहुंचा और जातिसूचक शब्दों के साथ गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से नाबालिग के साथ मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए तथा गलत नियत से अश्लील हरकत की। बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी मारपीट की गई और उसकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपाास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को छुड़ाया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस थाना जसरासर में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। न्यायालय के आदेश पर अब पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच वृताधिकारी नोखा को सौंप दी है।
Local News
स्कूलों के पास तंबाकू बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
जसरासर (बीकानेर)। क्षेत्र में स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों से बीड़ी, गुटखा, जर्दा व सिगरेट जब्त कर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 18 मार्च 2026 को गश्त के दौरान मंसूरी गांव स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास एक युवक ओमप्रकाश पुत्र हेतराम (30) को दुकान पर बैठकर तंबाकू उत्पाद बेचते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में वह लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। उसके कब्जे से 5 बीड़ी बंडल, 5 जर्दा, 5 गुटखा और 1 सिगरेट पैकेट जब्त किया गया। इसी दिन झाडेली स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामेश्वरलाल पुत्र भीयाराम (60) को तंबाकू उत्पाद बेचते हुए गिरफ्तार किया। मौके से 5 पाउच तंबाकू, 7 बीड़ी बंडल और 2 सिगरेट पैकेट बरामद किए गए।दोनों मामलों में स्कूल के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री करना राजस्थान धूम्रपान निषेध अधिनियम 2000 की धारा 9/11 के तहत दंडनीय पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया है तथा मामलों की जांच संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि स्कूलों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उत्तमामदेसर में उधारी विवाद में युवक की हत्या
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के उत्तमामदेसर गांव में उधारी के विवाद को लेकर युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 8:15 बजे परचून की दुकान पर विवाद के बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उत्तमामदेसर निवासी मुकेश पुत्र बद्रीराम जाट ने बताया कि उनके घर के बाहर परचून की दुकान है, जिसे उनका छोटा भाई हरीराम संभालता था। सामने रहने वाले सुरजाराम सारण और उसके बेटे दुकान से सामान लेते थे और कुछ रुपये उधार थे। रविवार शाम हरीराम ने उधारी के रुपये मांगे तो इस बात को लेकर सुरजाराम ने उसे दुकान से नीचे बुलाया और गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद उसने अपने बेटों नरेन्द्र और प्रेम को आवाज देकर बुलाया। रिपोर्ट के अनुसार प्रेम ने हरीराम को पीछे से पकड़ लिया और नरेन्द्र ने नुकीले धारदार हथियार से हरीराम की छाती पर वार कर दिया। बीच-बचाव के लिए लोग आगे बढ़े तो तीनों आरोपी मौके से भाग गए। घायल हरीराम को परिजन इलाज के लिए बीकानेर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। नापासर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जसरासर थाना प्रभारी आलोक सिंह (सीआई) ने बताया कि
प्रथम दृष्टया मामला बकाया पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है तथा मामले की जांच जारी है। आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल उतमामदेसर निवासी नरेन्द्र सारण को राउंडअप कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
कुचौर आथुणी में महिला व उसके भाई पर हमला, ढाणी में घुसकर की मारपीट
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के कुचौर आथुणी गांव में एक महिला और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में कुचौर आथुणी निवासी पुष्पा devi ने जसरासर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
रिपोर्ट में बताया कि शनिवार की शाम करीब 5 बजे उसका भाई अन्नाराम उससे मिलने उसके घर आया हुआ था। दोनों घर में बैठे हुए थे, तभी सीताराम, सुशील सहित 2–3 अन्य लोग लाठी, डंडे और लोहे की रॉड लेकर उनकी ढाणी में जबरन घुस आए। आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों भाई-बहन पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे आंगन में गिरा दिया गया, गालियां दी। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई।
जसरासर पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामेश्वरलाल को सौंपी गई है।
घर में घुसकर युवक पर धारदार हथियार से वार, केस दर्ज |Jasrasar times
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के उडसर गांव में देर रात घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार उडसर निवासी श्रवणराम ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 2 बजे धीरज बिश्नोई अपने चार अन्य साथियों के साथ उनके घर में घुस आया और मकान का गेट खोल दिया। इस दौरान आवाज सुनकर उनका बेटा राधेश्याम जाग गया तो आरोपी धीरज ने धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर नीचे गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। हो-हल्ला सुनकर श्रवणराम की बेटी ऊषा बीच-बचाव के लिए आई तो आरोपी ने उसके बाल पकड़कर उसे घसीटते हुए घर से बाहर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे छुड़ा लिया। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए और उनकी एक चप्पल व रस्सी मौके पर ही छूट गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने पड़ोसी के घर में चढ़कर श्रवणराम के घर पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे परिवार ने गेट बंद कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई रामेश्वरलाल को सौंपी है।
कुचौर अगुणी में ताश पर जुआ खेलते दो गिरफ्तार | jasrasar times
जसरासर | थाना जसरासर पुलिस ने कुचौर अगुणी में सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से जुआ खेलते दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1280 रुपये नगद व 52 पत्ते ताश जब्त किए हैं। थानाधिकारी गौरव सारस्वत (आरपीएस प्रो.) के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त के दौरान कुचौर अगुणी पहुंची, जहां मुखबिर की सूचना पर गुवाड़ आम में दबिश देकर धनराज तथा नरेन्द्रसिंह निवासी कुचौर अगुणी को ताश के पत्तों से जुआ खेलते पकड़ा गया। तलाशी में धनराज के पास से 600 रुपये, नरेन्द्रसिंह के पास से 520 रुपये तथा दोनों के बीच से 160 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजस्थान पब्लिक गैम्बलिंग ऑर्डिनेंस की धारा 13 के तहत गिरफ्तार कर राशि व ताश के पत्ते जब्त किए तथा मामला दर्ज कर जांच हेडकांस्टेबल प्रमोद कुमार को सौंपी है।
जसरासर थाना पुलिस की कार्रवाई, उडसर में अवैध शराब जब्त| Jasrasar times
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गांव उडसर में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक घर और दुकान से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने उडसर निवासी सुरेश बिश्नोई खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को थानाधिकारी गौरव सारस्वत (आरपीएस) को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उडसर में सुरेश बिश्नोई के घर व दुकान में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान दुकान के फ्रिज तथा घर के कमरे से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 48 पव्वे अंग्रेजी शराब (180 एमएल), 22 बोतल किंगफिशर बीयर (650 एमएल), 12 बोतल ट्यूबोर्ग बीयर (650 एमएल), 8 बोतल कार्ल्सबर्ग एलीफेंट बीयर (650 एमएल), 7 बोतल किंगफिशर अल्ट्रा मैक्स बीयर (650 एमएल), 25 एल्यूमिनियम कैन किंगफिशर बीयर (500 एमएल) तथा 17 एल्यूमिनियम कैन ट्यूबोर्ग बीयर (500 एमएल) बरामद की। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम में थानाधिकारी गौरव सारस्वत (आरपीएस) के नेतृत्व में बलवान कांस्टेबल, सुमित कुमार, दीपाराम, हीराराम, कैलाश तथा महिला कांस्टेबल सुनीता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
झाडेली में सड़क कार्य को लेकर विवाद, दो पक्षों के बीच क्रॉस केस दर्ज | jasrasar times
जसरासर | पुलिस थाना जसरासर क्षेत्र के ग्राम झाडेली में सड़क किनारे दीवार निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कराए गए हैं। पहले प्रकरण में नेहरुलाल जाट निवासी झाडेली ने पुलिस में रिपोर्ट देते हुए आरोप लगाया कि 1 मार्च की दोपहर वह रोड-रोड बस स्टैंड से अपने घर की ओर जा रहा था, तभी ओमप्रकाश व कालूराम केम्पर वाहन लेकर आए और जान से मारने की नीयत से उसे टक्कर मार दी। रिपोर्ट में बताया गया है कि गिरने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे आंख व पसलियों में चोटें आईं। शोर सुनकर लोग एकत्र हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे प्रकरण में बाबूलाल मेघवाल निवासी झाडेली ने आरोप लगाया कि वह गांव में सड़क किनारे दीवार निर्माण कार्य के दौरान मौजूद था, तभी नेहरुलाल मौके पर आया और काम रोकने को लेकर विवाद करते हुए मारपीट की। रिपोर्ट में जातिसूचक गालियां देने, अपमानित करने तथा हाथ की घड़ी तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
काकड़ा मां सती दादी मंदिर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार | Jasrasar times
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा स्थित बस स्टैंड के पास मां सती दादी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत जसरासर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के तीनों ताले तोड़कर मंदिर में रखे करीब 70–80 चांदी के छत्र एवं 4 चांदी के दीपक चोरी कर लिए थे। घटना का खुलासा रविवार सुबह पुजारी कैलाश पारीक के मंदिर पहुंचने पर हुआ था, जिसके बाद मंदिर कमेटी अध्यक्ष पवन कुमार नाई ने थाना जसरासर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (पी) के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच की।पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों का रूट ट्रेस किया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इसके बाद पुलिस ने पहले आरोपी विकास उर्फ विक्की शर्मा (39), निवासी बारड़ी, थाना छबड़ा, जिला बारां तथा दूसरे आरोपी अमृतलाल सोनी, निवासी बनाड़, जोधपुर से गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा चोरी गए चांदी के सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (पी) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में आलोक सिंह सीआई पुलिस लाइन बीकानेर, रामेश्वरलाल सउनि, कांस्टेबल बलवान, हरिनाथ, कैलाश आदी शामिल रहे
कुकणिया दीवार विवाद में दूसरे पक्ष की FIR दर्ज | Jasrasar times
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के कुकणिया गांव में दीवार निर्माण को लेकर चल रहे विवाद में दूसरे पक्ष की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है। प्रार्थी जैनाराम जाट (41), निवासी कुकणिया ने पुलिस थाना जसरासर में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी व उसके भाई मूलाराम के नाम का एक प्लॉट है, जिसका पट्टा उनके पिता के नाम है। उक्त प्लॉट को लेकर पड़ोसी मघाराम पुत्र सहित अन्य से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिस पर दोनों पक्षों के बीच पहले से मुकदमे दर्ज हैं तथा मामले में हाईकोर्ट से स्टे भी प्राप्त है। आरोप है कि 24 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे मघाराम, सहिराम, पवन, दिनेश, रूपाराम, जसूराम सहित अन्य लोगों ने मना करने के बावजूद जबरन दीवार तोड़ने का प्रयास किया। समझाने पहुंचे प्रार्थी व उसके भाई पर कुल्हाड़ी व लाठियों से जानलेवा हमला किया गया। बीच-बचाव करने आए कानाराम के साथ भी मारपीट की गई। घटना में सभी को हाथ, सिर, पीठ व चेहरे पर चोटें आईं।