जसरासर।जसरासर मकर संक्रांति के अवसर पर जरूरतमंद सहयोग समूह द्वारा राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय जैसलसर में जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों के बच्चों को सर्दी से बचाव के लिए स्वेटर, जूते और जुराबें वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को ठंड से सुरक्षा प्रदान करना था। वितरण के दौरान जरूरतमंद सहयोग समूह के सदस्यों ने विद्यालय प्रशासन व गुरुजनों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समूह के सदस्य कानाराम डूडी ने कहा कि समूह सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए इस तरह की सहयोगी गतिविधियां समय-समय पर करता रहेगा और जब भी जरूरतमंद छात्रों को सहायता की आवश्यकता होगी, संगठन आगे बढ़कर सहयोग करेगा। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार विश्राम ने जरूरतमंद सहयोग संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए सभी सदस्यों का धन्यवाद प्रकट किया और इसे बच्चों के हित में उपयोगी बताया। कार्यक्रम में समुदाय के सदस्य अशोक सारण, श्याम सुथार, सोहन सुथार, रामू राम, किशना राम डूडी सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे और बच्चों में सामाजिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सार्वजनिक पुस्तकालय भवन का शुभारम्भ, छात्रों के लिए विशेष सुविधाओं से लैस अध्ययन केंद्र
जसरासर | ग्राम पंचायत जसरासर में नव निर्मित सार्वजनिक पुस्तकालय भवन का भव्य शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विशेष अध्ययन केंद्र की शुरुआत भी की गई
ग्राम पंचायत जसरासर में मंगलवार को नव निर्मित सार्वजनिक पुस्तकालय भवन का भव्य शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित अमित कुमार के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के पश्चात जसरासर सरपंच रामनिवास तर्ड ने रिबन काटकर भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा गणमान्य जनों ने उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
पुस्तकालय भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शहरों जैसी पढ़ाई का माहौल मिल सके। पुस्तकालय भवन में 109 सीटिंग क्षमता उपलब्ध कराई गई है, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थी एक साथ अध्ययन कर सकें। इसके अतिरिक्त, पुस्तकालय में ac युक्त रूम, उच्च गुणवत्ता की लाइट व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, अलग-अलग वॉशरूम की सुविधा, अकबार और विद्यार्थियों की डिजिटल जरूरतों को देखते हुए फ्री वाई-फाई सुविधा भी प्रदान की गई है।
इन सुविधाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।
पुस्तकालय के शुरू होने से न केवल स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा भी लाभान्वित होंगे।
शुभारम्भ समारोह में बोलते हुए सरपंच रामनिवास तर्ड ने कहा कि यह पुस्तकालय भवन गाँव के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षा सबसे बड़ी ताकत है, और अगर बच्चों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। तर्ड ने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनी प्राथमिकता बनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने गाँव के सफल छात्रों और प्रशासनिक सेवाओं में चयनित युवाओं का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से कहा कि गाँव में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही दिशा और उचित संसाधनों की है।
शुभारम्भ कार्यक्रम में ग्रामीणों ने आशा जताई कि इस पुस्तकालय से जसरासर गाँव में शिक्षा का स्तर नई ऊँचाइयों को छुएगा और आने वाले वर्षों में कई होनहार विद्यार्थी यहाँ से अपना भविष्य संवारेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, अभिभावकों व ग्रामीण जनों ने सर्वसम्मति से ओमप्रकाश तर्ड़ को पुस्तकालय की देखरेख व संचालन हेतु मनोनीत किया। सभी ने आशा जताई कि उनके सहयोग से पुस्तकालय सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होगा।
भामाशाह रिडमल राम ने सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा की है, जबकि हैदराबाद इंटीरियर ग्रुप ने इनवर्टर उपलब्ध कराने का वादा किया है। बीकानेर पटवार संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र बिश्नोई ने वाटर कूलर लगाने की घोषणा की।
इस अवसर पर राजस्थान पटवार संघ जिला शाखा बीकानेर के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र बिश्नोई का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सरपंच रामनिवास तर्ड ने उन्हें पारंपरिक साफा पहनाकर तथा माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सुभाष चंद्र बिश्नोई ने बच्चों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए कहा कि “कड़ी मेहनत, अनुशासन और अच्छी लगन से कम समय में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।” उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी जिलाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
जिला प्रमुख प्रतिनिधि नवलाराम गोरा,पर्व जिला परिषद सदस्य मोहनलाल गुगरवाल, नायब तहसीलदार गौरव बेताला, सोसायटी अध्यक्ष भैराजराम तर्ड़, तुलसीराम तिवारी आदि के गांव के ग्रामीण ओर बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहें