पूगल दौरे पर जिला कलक्टर निशांत जैन, विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

बीकानेर, 3 जून। जिला कलक्टर निशांत जैन ने बुधवार को पूगल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने पंचायत समिति पूगल की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्मिकों को जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को लेकर लाभार्थियों से फीडबैक लिया तथा निर्धारित मानकों के अनुसार संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायत समिति परिसर में किए गए पौधारोपण कार्यों का भी अवलोकन किया।

इसके बाद जिला कलक्टर ने उप जिला अस्पताल का निरीक्षण कर आउटडोर और इनडोर व्यवस्थाओं, दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाओं तथा स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली। विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से बातचीत की और गर्मी के मौसम को देखते हुए लू-तापघात एवं जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस थाना, राजस्व तहसील एवं उपकोष कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान पत्रावलियों का अवलोकन कर अधिकारियों को आमजन के हित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।

आडूरी में जनसुनवाई, जल संरक्षण का संदेश

दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने आडूरी ग्राम पंचायत में जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और अधिक से अधिक लोगों तक जल बचाने का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।इस अवसर पर तहसीलदार श्री अशोक पारीक, विकास अधिकारी श्री गोपाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Join WhatsApp