जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गुन्दुसर गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते मारपीट व जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में गुन्दुसर निवासी भंवरसिंह पुत्र रुपसिंह राजपूत (49) ने पुलिस थाना जसरासर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि उसके छोटे भाई की पुत्री को शैतानसिंह पुत्र रामसिंह राजपूत द्वारा लंबे समय से फोन कर परेशान किया जा रहा था, जिसे लेकर पूर्व में आपसी समझाइश भी की गई थी।रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे परिवादी का पुत्र प्रदीप मोटरसाइकिल से मैनसर जा रहा था। इसी दौरान शैतानसिंह के खेत के पास तेजूसिंह पुत्र रामसिंह ने प्रदीप को रोककर उसके साथ मारपीट की और फोन करवाकर परिवादी को मौके पर बुलाया। जब भंवरसिंह अपने बेटे शिवसिंह के साथ मौके पर पहुंचे तो शैतानसिंह व तेजूसिंह ने मिलकर प्रदीप के साथ मारपीट की।बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने भंवरसिंह पर चाकू से हमला किया तथा लोहे की चैन व झटका मशीन से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों द्वारा बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ने तथा मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप है। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां दीं
Bikaner News
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर विवेकानन्द में सेमिनार का आयोजन
कातर छोटी| विवेकानन्द विद्या आश्रम संस्था कातर छोटी द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सभी पाठ्यक्रमों की बालिकाओं का सामूहिक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।
डॉ. अखिलेश राय ने महिलाओं के कैरियर निर्माण विषय पर महत्वपूर्ण विचार रखे। डॉ. शकुंतला राठौर ने बताया कि किस प्रकार दहेज समाज में अभिशाप बनता जा रहा है। स्वस्थ समाज में महिलाओं की भूमिका पर दातार कंवर ने अपने विचार व्यक्त किए। अध्यापिका पूजा ने बताया कि पढ़ी-लिखी महिलाएँ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अध्यापिका सरोज ने अपने विचार प्रस्तुत किए। चंदा व्यास ने बाल विवाह को जड़ से समाप्त करने की शपथ दिलवाई। बीएड प्रशिक्षणार्थी सीता ने महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान पर अपने विचार रखे। नीतू, मुस्कान, भवानी और सुलोचना ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का संचालन भारतीय पूर्वा ने किया।
संस्था निदेशक डॉ. रामचन्द्र लेघा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर नियमित रूप से आयोजित होते रहना चाहिए, जिससे समाज की आधी आबादी अपनी ताकत पहचान सके और शेष आधी आबादी अपने उत्तरदायित्व को समझ सके।
जसरासर में महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार
जसरासर (बीकानेर)। 11 जनवरी 2026 को परिवादी की रिपोर्ट पर जसरासर थाना पुलिस ने बताया कि मुस्तगीस की माताजी की घर में गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। इस पर थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 20 दिनांक 11.01.2026 धारा 103(1) बीएनएस में दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी विश्लेषण व पारम्परिक जांच पद्धति का उपयोग किया। आरोपी द्वारा मोबाइल व सोशल मीडिया का उपयोग नहीं किए जाने से तकनीकी इनपुट सीमित थे, बावजूद इसके टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा क्षेत्र के कई गांवों में पैदल तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है। थाना अधिकारी सीआई आलोक सिंह ने बताया कि टीम की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और अथक प्रयासों के कारण आरोपी को कम समय में पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने बताया कि पुलिस का प्रयास क्षेत्र में अपराधियों पर अंकुश रखते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना बनाना है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नानूराम पुत्र सुरजाराम (उम्र 40 वर्ष) निवासी बाधनू, जिला बीकानेर के रूप में हुई। इस कार्रवाई में थानाधिकारी आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी बलवान, शिवप्रकाश, ओमप्रकाश, शंकरलाल, कैलाश और सुमित की भूमिका रही।