IMG-20260603-WA0031

बीकानेर, 3 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग की वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक जिला पोषण अभिसरण योजना समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने की।

बैठक में श्रीमती पांडे ने जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सुभाष बिश्नोई ने बताया कि भर्ती के लिए इसी सप्ताह विज्ञप्ति जारी किए जाने का प्रस्ताव है।

सीईओ ने एफआरएस, आधार एवं मोबाइल वेरिफिकेशन शत-प्रतिशत पूर्ण कर पोषण ट्रैकर ऐप पर डेटा अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही कोलायत, बज्जू, नोखा, श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और पूगल परियोजनाओं को आगामी बैठक तक सभी लंबित कार्य पूर्ण करने को कहा।

बैठक में 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर, नाटापन, कम वजन और दुबलापन संबंधी आंकड़ों की समीक्षा की गई। श्रीमती पांडे ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों का सही वजन और लंबाई दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय बढ़ाने को कहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर प्रतिमाह मातृ-शिशु एवं स्वास्थ्य दिवस आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिले में पोषण संबंधी विभिन्न संकेतकों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए पोषण अभियान के लक्ष्यों को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया गया।

उपनिदेशक सुभाष बिश्नोई ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का उद्देश्य जिले में पोषण सेवाओं की समीक्षा और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पोषण अभियान को अधिक प्रभावी बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *