IMG-20260605-WA0030

बीकानेर, 5 जून। आगामी मानसून को देखते हुए जिला कलेक्टर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून आगमन से पूर्व सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की सफाई कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने कहा कि वर्षा के दौरान शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से उन स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जहां पूर्व वर्षों में जलभराव की स्थिति बनी रही है।

बैठक में जिला कलेक्टर ने नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इससे पूर्व निगम अधिकारियों ने शहर के जलभराव वाले प्रमुख स्थानों वल्लभ गार्डन, सुजानदेसर, खुदखुदा आश्रम, कोठारी हॉस्पिटल के पास, ढोला-मारू क्षेत्र, माणक गेस्ट हाउस, किसमीदेसर, गंगाशहर रोड, चौखूंटी पुलिया, कोटगेट, पुलिस लाइन चौराहा तथा जयपुर रोड स्थित सोफिया स्कूल के सामने किए जाने वाले अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक कार्यों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि शहर के प्रमुख नालों की सफाई के टेंडर जारी हो चुके हैं तथा सफाई कार्य प्रगति पर है।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *