जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा स्थित बस स्टैंड के पास मां सती दादी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत जसरासर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के तीनों ताले तोड़कर मंदिर में रखे करीब 70–80 चांदी के छत्र एवं 4 चांदी के दीपक चोरी कर लिए थे। घटना का खुलासा रविवार सुबह पुजारी कैलाश पारीक के मंदिर पहुंचने पर हुआ था, जिसके बाद मंदिर कमेटी अध्यक्ष पवन कुमार नाई ने थाना जसरासर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (पी) के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच की।पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों का रूट ट्रेस किया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इसके बाद पुलिस ने पहले आरोपी विकास उर्फ विक्की शर्मा (39), निवासी बारड़ी, थाना छबड़ा, जिला बारां तथा दूसरे आरोपी अमृतलाल सोनी, निवासी बनाड़, जोधपुर से गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा चोरी गए चांदी के सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (पी) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में आलोक सिंह सीआई पुलिस लाइन बीकानेर, रामेश्वरलाल सउनि, कांस्टेबल बलवान, हरिनाथ, कैलाश आदी शामिल रहे
नोखा
कुकणिया दीवार विवाद में दूसरे पक्ष की FIR दर्ज | Jasrasar times
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के कुकणिया गांव में दीवार निर्माण को लेकर चल रहे विवाद में दूसरे पक्ष की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है। प्रार्थी जैनाराम जाट (41), निवासी कुकणिया ने पुलिस थाना जसरासर में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी व उसके भाई मूलाराम के नाम का एक प्लॉट है, जिसका पट्टा उनके पिता के नाम है। उक्त प्लॉट को लेकर पड़ोसी मघाराम पुत्र सहित अन्य से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिस पर दोनों पक्षों के बीच पहले से मुकदमे दर्ज हैं तथा मामले में हाईकोर्ट से स्टे भी प्राप्त है। आरोप है कि 24 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे मघाराम, सहिराम, पवन, दिनेश, रूपाराम, जसूराम सहित अन्य लोगों ने मना करने के बावजूद जबरन दीवार तोड़ने का प्रयास किया। समझाने पहुंचे प्रार्थी व उसके भाई पर कुल्हाड़ी व लाठियों से जानलेवा हमला किया गया। बीच-बचाव करने आए कानाराम के साथ भी मारपीट की गई। घटना में सभी को हाथ, सिर, पीठ व चेहरे पर चोटें आईं।
कुकणिया में दीवार निर्माण विवाद, कुल्हाड़ी-लाठियों से खूनी संघर्ष | Jasrasar Times
जसरासर | पुलिस थाना जसरासर क्षेत्र के कुकणिया गांव में दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही गांव के कुछ लोगों ने हथियारों से लैस होकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप सामने आया है।पीड़ित मघाराम जाट (62) ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर पर दीवार निर्माण का कार्य कर रहा था। इसी दौरान जयनारायण, कुनणराम, जेठाराम, प्रभुराम, रामलाल व लिछमणराम जाट एक राय होकर कुल्हाड़ी, गंडासी और लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।बीच-बचाव करने आए उसके बेटे सहीराम, पोते दिनेश, कृष्ण तथा बहू सोहनी देवी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे सभी को चोटें आईं। रिपोर्ट में आरोप है कि हमलावरों ने सोहनी देवी के पेट पर गंभीर चोटें मारीं। इसके अलावा आरोपियों द्वारा घर पर पत्थर फेंककर हमला करने की भी जानकारी दी गई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना हैड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
जसरासर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, एक गिरफ्तार
जसरासर | थाना जसरासर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रोही थावरिया क्षेत्र के धुंपालिया फांटा से एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लॉयन देशी सादा मदिरा के कुल 95 पव्वे बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को हैडकांस्टेबल भंवरलाल के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता लोकल व स्पेशल एक्ट की कार्यवाही तथा गश्त पर था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोगणिया बाला के पास रोही थावरिया स्थित धुंपालिया फांटा पर एक व्यक्ति दो शराब की पेटियां लेकर खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस जाब्ता ने घेराबंदी कर मौके पर ही काबू में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लक्ष्मणसिंह उर्फ लिच्छूसिंह (45) निवासी धावरिया, थाना जसरासर बताया।पुलिस ने मौके पर ही शराब की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में से कुल 95 पव्वे लॉयन देशी सादा मदिरा पाए गए, पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
खेत में पशु घुसाने व फसल नष्ट करने का आरोप, जसरासर थाने में मामला दर्ज
जसरासर | तहसील जसरासर के गांव झाडेली में खेत में अनाधिकृत रूप से पशु घुसाकर ग्वार की फसल नष्ट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भागीरथराम पुत्र बगताराम जाति जाट निवासी झाडेली ने माननीय न्यायालय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नोखा के समक्ष इस्तगासा पेश किया।
परिवादी ने बताया कि उसका खेत ग्राम रोही झाडेली की पश्चिम दिशा में स्थित है, जहां ग्वार की फसल काटकर सूखने के लिए रखी हुई थी। दिनांक 30 नवंबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे खेत पर पहुंचने पर देखा कि 5–7 भैंसें व 2–3 गायें उसकी कटी हुई फसल को चर रही थीं। इस दौरान गांव का ही गणपतराम पुत्र हरजीराम मौके पर आया और पशुओं को अपना बताते हुए खेत में चराने की बात कही।
विरोध करने पर आरोपी द्वारा धमकी दी गई। बाद में गांव के मौजिज व्यक्तियों द्वारा समझाइश की गई, लेकिन आरोपी नहीं माना। शाम को पुनः आरोपी द्वारा खेत की तारबंदी तोड़कर पशुओं को खेत में घुसा दिया गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी के परिवार की महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर खेत में आईं और परिवादी को जान से मारने की धमकियां दीं।
परिवादी के अनुसार आरोपियों ने ग्वार की फसल को चराकर करीब दो लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पहले पुलिस थाना जसरासर व बाद में पुलिस अधीक्षक बीकानेर को शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली गई।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना जसरासर में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है।
काकड़ा में दलित मोहल्ले में नाला निकालने को लेकर बवाल, सरपंच सहित कई लोगों पर SC/ST एक्ट में FIR
जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के ग्राम काकड़ा में दलित मोहल्ले से गंदे पानी का नाला निकालने को लेकर गंभीर विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में काकड़ा निवासी छोटूराम पुत्र भंवरलाल मेघवाल (उम्र 24 वर्ष) ने पुलिस थाना जसरासर में लिखित रिपोर्ट पेश कर ग्राम पंचायत काकड़ा के सरपंच भगवान विश्नोई सहित अन्य लोगों पर मारपीट व जातिगत अपमान के गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि सरपंच अपने साथियों के साथ जबरन दलित मोहल्ले में नाला निर्माण करा रहे थे, जिसका विरोध करने पर प्रार्थी छोटूराम, आमप्रकाश पुत्र भंवरलाल मेघवाल तथा भंवरलाल पुत्र मांगीलाल मेघवाल के साथ कथित रूप से जातिसूचक गालियां दी गईं और लाठियों से हमला किया गया।हमले में प्रार्थी छोटूराम के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान को खतरा बताया गया है। वहीं अन्य साथियों के साथ भी कंठ पकड़कर लात-घूंसे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस 2023 की धारा 115(2), 126(2), 189(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r)(s) व 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज किया है। परिवादी का मेडिकल परीक्षण पूर्व में करवाया जा चुका है। प्रकरण की जांच वृताधिकारी वृत नोखा श्री जरनैल सिंह आरपीएस को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे के बाद लाउड स्पीकर प्रतिबंध लगाने की मांग
जसरासर | जसरासर थाने में रविवार को सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीएलजी सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी गौरव सारस्वत ने की। बैठक में क्षेत्र के सीएलजी सदस्यों ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की और अपने सुझाव पुलिस के समक्ष रखे। सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र में अवैध शराब की ब्रांच संचालित होने पर गहरी चिंता जताते हुए इस पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे के बाद लाउड स्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, स्थानीय स्तर पर सक्रिय चोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा गलत तरीके और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों पर नियंत्रण लगाने की मांग रखी।थानाधिकारी गौरव ने सीएलजी सदस्यों द्वारा बताई गई समस्याओं व मांगों पर जल्द से जल्द प्रभावी अमल किया जाएगा तथा सदस्यों से क्षेत्र में एमडी, स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशा, अवैध शराब और अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बैठक में स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई। थानाधिकारी ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।
साधासर रोड पर महादेव मेले में शिवभक्ति का सैलाब
जसरासर | साधासर रोड स्थित महादेव मंदिर परिसर रविवार को आस्था और उत्सव का केंद्र बना रहा। यहां आयोजित धार्मिक मेले में क्षेत्र के अनेक गांवों से श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।अलसुबह से ही भक्तों का तांता लग गया। श्रद्धालुओं ने दूध, जल और बिल्व पत्र अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया तथा मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा।मेले में लगे विभिन्न स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मनियारी, खिलौने, घरेलू उपयोग की सामग्री, आइसक्रीम, मिठाइयां और प्रसाद की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। खासकर बच्चों के लिए मेले में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस बल की तैनाती के साथ ग्रामीणों के सहयोग से मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिससे श्रद्धालुओं ने बिना किसी अव्यवस्था के मेले का आनंद लिया





अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार
जसरासरअवैध शराब कारोबार के खिलाफ जसरासर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुचौर आथुणी बस स्टैंड पर स्थित एक पक्की दुकान से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब तथा बीयर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (प्रो.) के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त व लोकल/स्पेशल एक्ट कार्रवाई के तहत क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड क्षेत्र में एक दुकान में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।दुकान की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें, पव्वे, अध्धे, देशी मदिरा व बीयर बड़ी संख्या में बरामद की गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 6620 रुपये नकद भी जब्त किए गए। दुकान में मौजूद युवक ने अपना नाम सुखाराम पुत्र मालाराम, निवासी बेरासर बताया, जो शराब रखने व बेचने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने नियमानुसार शराब के सैंपल लेकर शेष माल को सील कर मालखाने में जमा कराया। आरोपी के खिलाफ धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। समस्त कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।
जसरासर में यातायात नियमों को लेकर सख्त कार्रवाई, 14 चालान काटे
जसरासर | कस्बे में यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए आरपीएस गौरव सारस्वत थाना अधिकारी जसरासर के निर्देशन में जसरासर पुलिस द्वारा विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा व पंजीकरण से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश की।जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 14 चालान काटे गए, वहीं नियमों की अवहेलना पर 06 मोटरसाइकिलें जब्त (सीज) की गईं। इसके अलावा एक पिकअप वाहन को भी सीज किया गया। बिना वैध दस्तावेज, बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य अनियमितताओं पर यह कार्रवाई की गई।आरपीएस गौरव सारस्वत ने वाहन चालकों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
आरपीएस गौरव सारस्वत थाना अधिकारी की क्षेत्रवासियों से अपील – आरपीएस गौरव सारस्वत ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का वातावरण कायम करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई गलत या अवैध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत जसरासर थाना हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त जानकारी पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।