जसरासर पुलिस की कार्रवाई, 38 ग्राम अफीम के साथ दो युवक गिरफ्तार JASRASAR TIMES

जसरासर | पुलिस थाना जसरासर ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से 38 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार की रात थाना अधिकारी गौरव सारस्वत RPS (प्रो.) के नेतृत्व में रात्रि गश्त के दौरान की गई। पुलिस टीम जसरासर से साधासर होते हुए उतमामदेसर–कुचैर आयुणी सड़क मार्ग पर गश्त कर रही थी, इसी दौरान उतमामदेसर से आगे सड़क किनारे एक सफेद रंग की कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। जांच करने पर कार में चालक सीट पर भरताराम जाट (28) तथा पास वाली सीट पर मदनलाल तर्ड (21), निवासी लालमदेसर छोटा मिले। रात्रि में सड़क किनारे कार खड़ी होने के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों घबरा गए संदेह होने पर कार की तलाशी ली गई कार के ग्लव बॉक्स से एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली बरामद हुई, जिसमें काले रंग का पदार्थ भरा हुआ था। जांच करने पर पदार्थ अफीम पाया गया, जिसका इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर थैली सहित कुल वजन 38 ग्राम निकला। आरोपियों के पास अफीम रखने व परिवहन करने का कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इसके साथ ही भरताराम से वीवो मोबाइल व 2000 रुपये नकद तथा मदनलाल से ओप्पो मोबाइल व 2030 रुपये नकद जब्त किए गए। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/18 व 25 एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच देशनोक थानाधिकारी पुनि सुमन शेखावत को सौंपी गई है।

कार्रवाई थाना अधिकारी गौरव सारस्वत RPS (प्रो.) के नेतृत्व में की गई, जिसमें देवाराम हेड कांस्टेबल, शिवप्रकाश, ओमप्रकाश, विष्णु व सुमित कुमार कांस्टेबल शामिल रहे।

काकड़ा मां सती दादी मंदिर चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार | Jasrasar times

जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा स्थित बस स्टैंड के पास मां सती दादी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत जसरासर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के तीनों ताले तोड़कर मंदिर में रखे करीब 70–80 चांदी के छत्र एवं 4 चांदी के दीपक चोरी कर लिए थे। घटना का खुलासा रविवार सुबह पुजारी कैलाश पारीक के मंदिर पहुंचने पर हुआ था, जिसके बाद मंदिर कमेटी अध्यक्ष पवन कुमार नाई ने थाना जसरासर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (पी) के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच की।पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों का रूट ट्रेस किया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। इसके बाद पुलिस ने पहले आरोपी विकास उर्फ विक्की शर्मा (39), निवासी बारड़ी, थाना छबड़ा, जिला बारां तथा दूसरे आरोपी अमृतलाल सोनी, निवासी बनाड़, जोधपुर से गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा चोरी गए चांदी के सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (पी) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में आलोक सिंह सीआई पुलिस लाइन बीकानेर, रामेश्वरलाल सउनि, कांस्टेबल बलवान, हरिनाथ, कैलाश आदी शामिल रहे

कुकणिया दीवार विवाद में दूसरे पक्ष की FIR दर्ज | Jasrasar times

जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के कुकणिया गांव में दीवार निर्माण को लेकर चल रहे विवाद में दूसरे पक्ष की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है। प्रार्थी जैनाराम जाट (41), निवासी कुकणिया ने पुलिस थाना जसरासर में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट के अनुसार प्रार्थी व उसके भाई मूलाराम के नाम का एक प्लॉट है, जिसका पट्टा उनके पिता के नाम है। उक्त प्लॉट को लेकर पड़ोसी मघाराम पुत्र सहित अन्य से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिस पर दोनों पक्षों के बीच पहले से मुकदमे दर्ज हैं तथा मामले में हाईकोर्ट से स्टे भी प्राप्त है। आरोप है कि 24 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे मघाराम, सहिराम, पवन, दिनेश, रूपाराम, जसूराम सहित अन्य लोगों ने मना करने के बावजूद जबरन दीवार तोड़ने का प्रयास किया। समझाने पहुंचे प्रार्थी व उसके भाई पर कुल्हाड़ी व लाठियों से जानलेवा हमला किया गया। बीच-बचाव करने आए कानाराम के साथ भी मारपीट की गई। घटना में सभी को हाथ, सिर, पीठ व चेहरे पर चोटें आईं।

कुकणिया में दीवार निर्माण विवाद, कुल्हाड़ी-लाठियों से खूनी संघर्ष | Jasrasar Times

जसरासर | पुलिस थाना जसरासर क्षेत्र के कुकणिया गांव में दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही गांव के कुछ लोगों ने हथियारों से लैस होकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप सामने आया है।पीड़ित मघाराम जाट (62) ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने घर पर दीवार निर्माण का कार्य कर रहा था। इसी दौरान जयनारायण, कुनणराम, जेठाराम, प्रभुराम, रामलाल व लिछमणराम जाट एक राय होकर कुल्हाड़ी, गंडासी और लाठियां लेकर मौके पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।बीच-बचाव करने आए उसके बेटे सहीराम, पोते दिनेश, कृष्ण तथा बहू सोहनी देवी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे सभी को चोटें आईं। रिपोर्ट में आरोप है कि हमलावरों ने सोहनी देवी के पेट पर गंभीर चोटें मारीं। इसके अलावा आरोपियों द्वारा घर पर पत्थर फेंककर हमला करने की भी जानकारी दी गई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना हैड कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र व वसीयत बनाकर जमीन हड़पने का आरोप, जसरासर थाने में मामला दर्ज

जसरासर | जसरासर तहसील के गांव थावरिया में कृषि भूमि हड़पने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र, कूटरचित वसीयतनामा और झूठे शपथ पत्र तैयार करने का गंभीर मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना जसरासर में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।परिवादी सत्यनारायण गौड (56) निवासी थावरिया ने न्यायालय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, नोखा में प्रस्तुत इस्तगासा में आरोप लगाया कि उनके ताऊ की पत्नी तुलछी देवी का निधन लगभग 60 वर्ष पूर्व नागौर जिले के ग्राम गांवड़ी में हुआ था, जहां उनका मृत्यु प्रमाण पत्र भी बना हुआ है। इसके बावजूद अभियुक्त भंवरलाल व श्यामलाल ने षड्यंत्रपूर्वक थावरिया में मृत्यु दर्शाते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया।

परिवादी के अनुसार, आरोपियों ने कूटरचित वसीयतनामा एवं झूठा शपथ पत्र प्रस्तुत कर खेत खाता संख्या 147, रकबा 17.66 हेक्टेयर कृषि भूमि अपने नाम दर्ज करवा ली। जबकि कानूनन उक्त भूमि में परिवादी के पिता का 1/2 हिस्सा एवं डूंगरराम का 1/2 हिस्सा बनता था। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी सहमति दर्शाते हुए झूठा शपथ पत्र तैयार किया गया, जबकि उसने कभी कोई सहमति नहीं दी।परिवादी ने बताया कि इस संबंध में 20 जनवरी 2026 को पुलिस थाना जसरासर में सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 27 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बीकानेर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई, फिर भी सुनवाई नहीं हुई। अंततः न्यायालय की शरण ली गई।न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना जसरासर में धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान सउनि रविन्द्र सिंह को सौंपा गया है।थानाधिकारी गौरव सारस्वत (आरपीएस) ने बताया कि मामले की FIR दर्ज कर CCTNS में प्रविष्टि की जा रही है

जसरासर ग्रीन एनर्जी पावर प्लांट में भीषण आग

जसरासर | जसरासर क्षेत्र में स्थित ग्रीन एनर्जी पावर प्लांट में आज लापरवाही के चलते भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पावर प्लांट में पराली डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पराली डालते समय उपयोग में लिया जा रहा उपकरण ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। टकराव होते ही तेज चिंगारी निकली और सूखी पराली ने तुरंत आग पकड़ ली।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से फैलती चली गई। घटना के बाद हालात इतने गंभीर हो गए कि चारों ओर धुएं के घने बादल छा गए। दूर-दराज के इलाकों से भी धुएं का गुबार साफ नजर आने लगा।


पावर प्लांट परिसर में उस समय लगभग 800 मैट्रिक टन पराली का भारी स्टॉक मौजूद था। आग की भयावहता को देखते हुए कर्मचारियों और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए लगभग आधे पराली स्टॉक को अलग हटाने का प्रयास किया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, शेष लगभग आधा स्टॉक आग की चपेट में आ गया और जलकर खाक हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को मौके पर बुलाया गया। दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। दमकल के साथ साथ पास के कुओं से पानी लेकर लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। पराली अत्यधिक सूखी और बड़ी मात्रा में होने के कारण आग तेज बनी हुई है, जिससे दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।


इधर, पुलिस थाना जसरासर की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए सुरक्षा व्यवस्था कायम की। राहत व बचाव कार्यों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।


खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पावर प्लांट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रथम दृष्टया लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

जसरासर थाना क्षेत्र में महिला व मासूम पर हमला, fir दर्ज

जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गजसुखदेसर गांव में एक विवाहिता के साथ मारपीट, कपड़े फाड़कर लज्जा भंग करने और जबरन उठा ले जाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी को दी गई रिपोर्ट में नैनी देवी (उम्र 24 वर्ष), निवासी गजसुखदेसर ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से मुन्नीराम जाट उसे लगातार परेशान कर रहा था। 22 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जब वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी, तभी घर के गेट के पास मुन्नीराम, चन्दुराम तथा रामदेव जाट निवासी सडू मौके पर आ गए। आरोप है कि उक्त लोगों ने पीड़िता को पकड़कर उसके साथ मारपीट की तथा जबरन अपने घर ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर पीड़िता के जेठ गणपतराम और बहन सरिता देवी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिस पर आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी गोद से उसके दो वर्षीय पुत्र मुकेश को छीनकर जान से मारने की नीयत से फेंक दिया तथा उसके कपड़े फाड़ दिए, जिससे उसकी लज्जा भंग हुई। आरोपियों द्वारा दांत से हाथ काटने और जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।मामले में पुलिस थाना जसरासर ने मुकदमा दर्ज कर जांच भागीरथराम, सहायक उप निरीक्षक को सौंपी गई है।

बुजुर्ग महिला ने बेटे पर लगाया जान से मारने का आरोप

जसरासर | थाना क्षेत्र जसरासर में एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही बेटे पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।काकड़ा निवासी 69 वर्षीय रामकंवरी पत्नी बालूराम बिश्नोई ने पुलिस को बताया कि वह अपने चारों बेटों से अलग रहती है। उसका छोटा बेटा महेंद्र पिछले कई महीनों से उसे परेशान कर रहा है और उसके साथ मारपीट करता रहता है। महिला के अनुसार 15 फरवरी को आरोपी ने उसके घर आकर मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से नस मरोड़ दी।पीड़िता ने बताया कि 17 फरवरी को रिश्तेदारों के सामने भी आरोपी ने मारपीट का प्रयास किया और रात को जान से मारने की धमकी देकर चला गया। डर के कारण महिला को रात घर छोड़कर अपनी बहन के यहां शरण लेनी पड़ी।

जसरासर में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, एक गिरफ्तार

जसरासर | थाना जसरासर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रोही थावरिया क्षेत्र के धुंपालिया फांटा से एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लॉयन देशी सादा मदिरा के कुल 95 पव्वे बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2026 को हैडकांस्टेबल भंवरलाल के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता लोकल व स्पेशल एक्ट की कार्यवाही तथा गश्त पर था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोगणिया बाला के पास रोही थावरिया स्थित धुंपालिया फांटा पर एक व्यक्ति दो शराब की पेटियां लेकर खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे पुलिस जाब्ता ने घेराबंदी कर मौके पर ही काबू में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लक्ष्मणसिंह उर्फ लिच्छूसिंह (45) निवासी धावरिया, थाना जसरासर बताया।पुलिस ने मौके पर ही शराब की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में से कुल 95 पव्वे लॉयन देशी सादा मदिरा पाए गए, पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

जसरासर में पारिवारिक रंजिश के चलते मारपीट, पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, FIR दर्ज

जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के गुन्दुसर गांव में पारिवारिक रंजिश के चलते मारपीट व जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में गुन्दुसर निवासी भंवरसिंह पुत्र रुपसिंह राजपूत (49) ने पुलिस थाना जसरासर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि उसके छोटे भाई की पुत्री को शैतानसिंह पुत्र रामसिंह राजपूत द्वारा लंबे समय से फोन कर परेशान किया जा रहा था, जिसे लेकर पूर्व में आपसी समझाइश भी की गई थी।रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 15 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1 बजे परिवादी का पुत्र प्रदीप मोटरसाइकिल से मैनसर जा रहा था। इसी दौरान शैतानसिंह के खेत के पास तेजूसिंह पुत्र रामसिंह ने प्रदीप को रोककर उसके साथ मारपीट की और फोन करवाकर परिवादी को मौके पर बुलाया। जब भंवरसिंह अपने बेटे शिवसिंह के साथ मौके पर पहुंचे तो शैतानसिंह व तेजूसिंह ने मिलकर प्रदीप के साथ मारपीट की।बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने भंवरसिंह पर चाकू से हमला किया तथा लोहे की चैन व झटका मशीन से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों द्वारा बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ने तथा मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप है। घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां दीं

Join WhatsApp