दूध टैंकर चालक से लूट व मारपीट, 47 हजार रुपए छीने

जसरासर | लालमदेसर बड़ा व उत्तमामदेसर के बीच सुनसान रोही में मंगलवार को बदमाशों ने दूध टैंकर चालक के साथ मारपीट कर 47 हजार रुपए लूट लिए। घटना 17 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3:10 बजे की है। पीड़ित हरचंद पुत्र फुसाराम जाट (28), निवासी लालमदेसर बड़ा, सरस डेयरी बीकानेर में दूध टैंकर पर टेस्टर के रूप में कार्यरत है।

हरचंद ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह लालमदेसर बड़ा सहकारी समिति से दूध भरकर सरस डेयरी बीकानेर जा रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में सवार चंपालाल, कानाराम, ख्यालीराम व श्रवणराम (सभी निवासी लालमदेसर बड़ा) ने टैंकर के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने टैंकर के शीशे तोड़ दिए और विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसकी जेब से 47 हजार रुपए नकद छीन लिए तथा टूल बॉक्स व गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना पुलिस थाना जसरासर को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। दूध खराब न हो, इसके लिए वाहन मालिक से दूसरी चाबी मंगवाकर टैंकर को सरस डेयरी पहुंचाया गया। बाद में पीड़ित ने थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की।

खेत में पशु घुसाने व फसल नष्ट करने का आरोप, जसरासर थाने में मामला दर्ज

जसरासर | तहसील जसरासर के गांव झाडेली में खेत में अनाधिकृत रूप से पशु घुसाकर ग्वार की फसल नष्ट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भागीरथराम पुत्र बगताराम जाति जाट निवासी झाडेली ने माननीय न्यायालय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट नोखा के समक्ष इस्तगासा पेश किया।

परिवादी ने बताया कि उसका खेत ग्राम रोही झाडेली की पश्चिम दिशा में स्थित है, जहां ग्वार की फसल काटकर सूखने के लिए रखी हुई थी। दिनांक 30 नवंबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे खेत पर पहुंचने पर देखा कि 5–7 भैंसें व 2–3 गायें उसकी कटी हुई फसल को चर रही थीं। इस दौरान गांव का ही गणपतराम पुत्र हरजीराम मौके पर आया और पशुओं को अपना बताते हुए खेत में चराने की बात कही।

विरोध करने पर आरोपी द्वारा धमकी दी गई। बाद में गांव के मौजिज व्यक्तियों द्वारा समझाइश की गई, लेकिन आरोपी नहीं माना। शाम को पुनः आरोपी द्वारा खेत की तारबंदी तोड़कर पशुओं को खेत में घुसा दिया गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी के परिवार की महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर खेत में आईं और परिवादी को जान से मारने की धमकियां दीं।

परिवादी के अनुसार आरोपियों ने ग्वार की फसल को चराकर करीब दो लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। पहले पुलिस थाना जसरासर व बाद में पुलिस अधीक्षक बीकानेर को शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली गई।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस थाना जसरासर में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है।

काकड़ा में दलित मोहल्ले में नाला निकालने को लेकर बवाल, सरपंच सहित कई लोगों पर SC/ST एक्ट में FIR

जसरासर | जसरासर थाना क्षेत्र के ग्राम काकड़ा में दलित मोहल्ले से गंदे पानी का नाला निकालने को लेकर गंभीर विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में काकड़ा निवासी छोटूराम पुत्र भंवरलाल मेघवाल (उम्र 24 वर्ष) ने पुलिस थाना जसरासर में लिखित रिपोर्ट पेश कर ग्राम पंचायत काकड़ा के सरपंच भगवान विश्नोई सहित अन्य लोगों पर मारपीट व जातिगत अपमान के गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि सरपंच अपने साथियों के साथ जबरन दलित मोहल्ले में नाला निर्माण करा रहे थे, जिसका विरोध करने पर प्रार्थी छोटूराम, आमप्रकाश पुत्र भंवरलाल मेघवाल तथा भंवरलाल पुत्र मांगीलाल मेघवाल के साथ कथित रूप से जातिसूचक गालियां दी गईं और लाठियों से हमला किया गया।हमले में प्रार्थी छोटूराम के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान को खतरा बताया गया है। वहीं अन्य साथियों के साथ भी कंठ पकड़कर लात-घूंसे से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस 2023 की धारा 115(2), 126(2), 189(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r)(s) व 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज किया है। परिवादी का मेडिकल परीक्षण पूर्व में करवाया जा चुका है। प्रकरण की जांच वृताधिकारी वृत नोखा श्री जरनैल सिंह आरपीएस को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे के बाद लाउड स्पीकर प्रतिबंध लगाने की मांग

जसरासर | जसरासर थाने में रविवार को सामुदायिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सीएलजी सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी गौरव सारस्वत ने की। बैठक में क्षेत्र के सीएलजी सदस्यों ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की और अपने सुझाव पुलिस के समक्ष रखे। सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र में अवैध शराब की ब्रांच संचालित होने पर गहरी चिंता जताते हुए इस पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे के बाद लाउड स्पीकर के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, स्थानीय स्तर पर सक्रिय चोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने तथा गलत तरीके और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों पर नियंत्रण लगाने की मांग रखी।थानाधिकारी गौरव ने सीएलजी सदस्यों द्वारा बताई गई समस्याओं व मांगों पर जल्द से जल्द प्रभावी अमल किया जाएगा तथा सदस्यों से क्षेत्र में एमडी, स्मैक सहित अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नशा, अवैध शराब और अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। बैठक में स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई। थानाधिकारी ने आमजन से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की।

साधासर रोड पर महादेव मेले में शिवभक्ति का सैलाब

जसरासर | साधासर रोड स्थित महादेव मंदिर परिसर रविवार को आस्था और उत्सव का केंद्र बना रहा। यहां आयोजित धार्मिक मेले में क्षेत्र के अनेक गांवों से श्रद्धालु पहुंचे और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।अलसुबह से ही भक्तों का तांता लग गया। श्रद्धालुओं ने दूध, जल और बिल्व पत्र अर्पित कर भोलेनाथ का अभिषेक किया तथा मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा।मेले में लगे विभिन्न स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मनियारी, खिलौने, घरेलू उपयोग की सामग्री, आइसक्रीम, मिठाइयां और प्रसाद की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। खासकर बच्चों के लिए मेले में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस बल की तैनाती के साथ ग्रामीणों के सहयोग से मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिससे श्रद्धालुओं ने बिना किसी अव्यवस्था के मेले का आनंद लिया

अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

जसरासरअवैध शराब कारोबार के खिलाफ जसरासर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुचौर आथुणी बस स्टैंड पर स्थित एक पक्की दुकान से भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब तथा बीयर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी गौरव सारस्वत आरपीएस (प्रो.) के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त व लोकल/स्पेशल एक्ट कार्रवाई के तहत क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड क्षेत्र में एक दुकान में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।दुकान की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें, पव्वे, अध्धे, देशी मदिरा व बीयर बड़ी संख्या में बरामद की गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 6620 रुपये नकद भी जब्त किए गए। दुकान में मौजूद युवक ने अपना नाम सुखाराम पुत्र मालाराम, निवासी बेरासर बताया, जो शराब रखने व बेचने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने नियमानुसार शराब के सैंपल लेकर शेष माल को सील कर मालखाने में जमा कराया। आरोपी के खिलाफ धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम 1950 के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। समस्त कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।

जसरासर में यातायात नियमों को लेकर सख्त कार्रवाई, 14 चालान काटे

जसरासर | कस्बे में यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के लिए आरपीएस गौरव सारस्वत थाना अधिकारी जसरासर के निर्देशन में जसरासर पुलिस द्वारा विशेष यातायात जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा व पंजीकरण से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश की।जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 14 चालान काटे गए, वहीं नियमों की अवहेलना पर 06 मोटरसाइकिलें जब्त (सीज) की गईं। इसके अलावा एक पिकअप वाहन को भी सीज किया गया। बिना वैध दस्तावेज, बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य अनियमितताओं पर यह कार्रवाई की गई।आरपीएस गौरव सारस्वत ने वाहन चालकों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

आरपीएस गौरव सारस्वत थाना अधिकारी की क्षेत्रवासियों से अपील – आरपीएस गौरव सारस्वत ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का वातावरण कायम करना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई गलत या अवैध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत जसरासर थाना हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त जानकारी पर त्वरित व प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

काकड़ा बाईपास हादसा : बस चालक के खिलाफ FIR, लापरवाही से महिला की मौत का मामला दर्ज

जसरासर | काकड़ा बाईपास पर हुए बस–कैंपर हादसे में महिला की मौत के मामले में अब पुलिस ने विधिवत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जसरासर थाना पुलिस के अनुसार मृतका के पति सुभाष विश्नोई निवासी जसरासर ने जिला अस्पताल नोखा के मोर्चरी रूम में लिखित रिपोर्ट पेश की, जिसके आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।FIR के अनुसार 11 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे जसरासर से मुकाम की ओर जा रही कैंपर गाड़ी RJ07GB0129 को सामने से आ रही बस RJ07PB1881 ने काकड़ा बाईपास के पास तेज व लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कैंपर में सवार मंजूदेवी (33) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैंपर चालक अशोक नाई गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक व मृतका को पीएचसी काकड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंजूदेवी को मृत घोषित किया तथा घायल को पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर किया गया।पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281, 125(ए) व 106(1) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान एएसआई रविन्द्रसिंह को सौंपा है। पुलिस का कहना है कि फरार बस चालक की तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

काकड़ा रोही में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, 55 पव्वे जब्त

जसरासर। पुलिस ने जसरासर क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने काकड़ा-उडसर सड़क स्थित गोचर भूमि रोही काकड़ा में एक युवक को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर सूचना पर उपनिरीक्षक भागीरथराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक के कट्टे में 55 पव्वे अवैध लॉयन देशी सादा मदिरा बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बाबूलाल पुत्र रामदयाल, निवासी हिम्मटसर बताया। उसके पास शराब रखने अथवा विक्रय करने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

जसरासर पुलिस ने स्कूल के पास तंबाकू बिक्री करने पर एक युवक को गिरफ्तार किया

जसरासर। पुलिस ने मंगलवार को गश्त के दौरान लालमदेसर बड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से बीड़ी, गुटखा और सिगरेट बेचते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान राजाराम पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी लालमदेसर बड़ा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी के पास तंबाकू उत्पादों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट नहीं पाया गया। पुलिस ने मौके से 02 सिगरेट पैकेट, 10 बीड़ी बंडल, 03 तानसेन गुटखा और 02 तंबाकू पैकेट जब्त किए।

Join WhatsApp